सात और नए मरीजों की हुई पुष्टि, मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों से लिया फीडबैक



देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश में पांच नए मरीज मिले हैं। इनमें तीन नोएडा से जबकि एक बागपत और एक आगरा का है। नोएडा में एक 21 वर्षीय युवती और दूसरी 33 वर्षीय महिला कोरोना वायरस पॉजिटिव पाई गई है, साथ ही एक 39 वर्षीय पुरुष भी मिला है। सभी नोएडा अस्पताल में भर्ती है। बागपत में भर्ती युवक दुबई से आया था। जिसकी उम्र 32 वर्ष है। आगरा में भर्ती युवक अमेरिका से लौटा है और इसे एसएन मेडिकल कॉलेज में आइसोलेट किया गया है। वहीं दो संक्रमित गाजियाबाद में मिले हैं।

इससे पहले कोरोना बुधवार को कोरोना का एक और मरीज यूपी में मिला था। व्यक्ति पीलीभीत का है। इसकी मां को भी कोरोना वायरस संक्रमण है और उसका इलाज केजीएमयू में चल रहा है। प्रदेश में इस नए संक्रमित व्यक्ति को मिलाकर पॉजिटिव लोगों की संख्या 45 हो गई थी। 

राज्य संक्र्तामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के अनुसार बुधवार को कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षणों वाले 73 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अभी तक कुल 1830 नमूने जांच के लिए विभिन्न लैब में  भेजे गए हैं।

इनमें से 1707 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, 85 नमूनों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। नेपाल-भारत सीमा पर भी 15.46 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। नोवेल कोरोना वायरस से प्रभावित चीन से आए लगभग 28406 लोग डब्लूएचओ और जिलों की टीम की निगरानी में हैं। चीन यात्रा से आने वाले 24336 यात्रियों ने अपना 28 दिन का क्ववारंटीन का समय पूरा कर लिया है।